गढ़मुक्तेश्वर। रिफ्यूजी कॉलोनी में लूट के विरोध पर महिला की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो बदमाशों को भी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू, नकदी व अन्य सामान बरामद किया गया है। इनके दो साथी पहले ही मुठभेड़ में गिरफ्तार हो चुके हैं।
सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि 25 अप्रैल की शाम करीब साढ़े सात बजे रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित घर में घुसे चार बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर व्यापारी रोहित की मां कमलेश की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। मृतका के बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश कर रही थी। घटनास्थल के आसपास के मकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की गई। जिसके बाद सूचना के आधार पर 27 अप्रैल की शाम मेला रोड पर पुलिस टीम ने दबिश दी। जहां हत्याकांड में शामिल बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। वहीं, जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश रितिक और हर्ष निवासी मोहल्ला राजीव नगर घायल हो गए। जिन्हें पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। लेकिन उनके दो साथी सुरेश उर्फ सुक्खा निवासी उपाध्याय नगर और जोशिल उर्फ शिवम निवासी राजीव नगर फरार होने में कामयाब हो गए। सोमवार को सूचना के आधार पर पुलिस कर्मियों ने राजीव नगर में शनि मंदिर के निकट दबिश देकर दोनों बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के पास से लूटी गई नकदी में से 51340 रुपये, बैग, दस्तावेज, चांदी के तीन सिक्के, हत्या में प्रयुक्त चाकू समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। दोनों बदमाशों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।