सिंभावली। चीनी मिल गेट के सामने रुपयों के लेनदेन को लेकर आसिफ की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभी तक हत्याकांड में पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
सैफी कालोनी निवासी बढ़ई आसिफ अली की 22 अगस्त की रात को कुछ लोगों ने रुपये के लेनदेन को लेकर बेरहमी से पिटाई करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया था। जिसकी उपचार के दौरान दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के पिता ने शाहनवाज, तस्सवर, आदिल, परवेज, बब्बू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं युवक की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे पर शव रखकर जाम भी लगा दिया था। जिसके बाद पुलिस ने घटना में नामजद आरोपी आदिल और शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया। वहीं नामजद तीन आरोपी अभी भी फरार है। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस ने सूचना के आधार पर मतीन, यासीन, नसीम को गिरफ्तार किया है। जिन्होंने शाहनवाज और आदिल के साथ मिलकर मजदूर को पीटा था। जिनके खिलाफ संबंधित कार्रवाई की जा रही है।