हापुड़। नगर कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला प्रीत विहार स्थित डीपीएस के पास चेकिंग के दौरान तीन अंतरजनपदीय वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जिला गाजियाबाद से चोरी की गई दो बाइकें व अवैध असलाह बरामद किया है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि टीपीनगर चौकी प्रभारी मनोज सहरावत पुलिस टीम के साथ सोमवार की देर शाम प्रीत विहार स्थित डीपीएस के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच पुलिस ने नाले की तरफ से दो अलग-अलग बाइकों पर सवार तीन युवकों को रुकने का इशारा किया था, लेकिन पुलिस को देख तीन युवक भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों युवकों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान हर्ष उर्फ चीकू, यश व प्रथम निवासी मोहल्ला अतरपुरा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एक बाइक जिला गाजियाबाद के सिहानी गेट व दूसरी कविनगर क्षेत्र से चोरी की थी। सीओ ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म के वाहन चोर हैं। जिनके आपराधिक इतिहास के बारे में आसपास के जिले की पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।