गढ़मुक्तेश्वर। हरियाणा में सराफ की दुकान से चोरी किया गया सोना खरीदने वाला बहादुरगढ़ क्षेत्र का सुनार आखिरकार फरीदाबाद पुलिस की गिरफ्त में फंस गया। शनिवार की देर रात गोपनीय ढंग से पकड़ने के बाद हरियाणा पुलिस अपने साथ लेकर चली गई।
हरियाणा के जनपद फरीदाबाद के मंडी थाना क्षेत्र में कुछ माह पहले सराफ की दुकान में चोरी की घटना हुई थी। इसका खुलासा करते हुए फरीदाबाद पुलिस ने बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव रहरवा निवासी गुल्लू और शिब्बू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सराफ की दुकान से चोरी किया गया सोना आरोपियों ने क्षेत्र के गांव जखैड़ा रहमतपुर के सुनार को बेच दिया था। इसकी बरामदगी के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। शनिवार की देर रात को फरीदाबाद पुलिस ने दबिश देकर गांव जखैड़ा में आरोपी सुनार को दबोच लिया। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि फरीदाबाद के मंडी थाना क्षेत्र में सराफ की दुकान में चोरी हुई थी। इसमें पकड़े गए गुल्लू और शिब्बू ने पूछताछ के दौरान संबंधित सोना जखैड़ा के सुनार जितेंद्र सोनी को बेचने की बात कही थी। इसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई है।