गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली पुलिस ने गश्त के दौरान मिली सूचना पर कार में सवार चार आरोपियों को 25 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि बुधवार की रात में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी बीच एक कार में संदिग्ध लोगों के आने की सूचना मिली। इंस्पेक्टर ने बताया कि टीम के साथ वह गांव सादुल्लापुर- लोधीपुर सोभन मार्ग पर पहुंच गए। जहां एक कार आती दिखाई दी, जो पुलिस को देख वापस जाने लगी। पुलिस को कार में बैठे लोगों पर संदेह हुआ और पीछा कर कार को रोक लिया। कार में सवार चार युवकों समेत कार की तलाशी ली गई। जहां कार में रखा 25 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंकित, हरेंद्र, रोहिता निवासी लक्ष्मीगढ़ी अलीगढ़ और बिजेंद्र उर्फ टींकू निवासी मूसेपूरे निवासी थाना लोधा अलीगढ़ बताया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी अंकित उर्फ गुड्डू पर 15 हजार का इनाम घोषित था। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों के पास से एक लग्जरी कार, 25 किलोग्राम गांजा, छह मोबाइल बरामद हुए हैं। आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जहां से चारों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।