हापुड़। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गंदू नंगला गांव में घर की छत पर चढ़कर अवैध हथियारों से फायरिंग कर रहे फौजी और उसके भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी गांव में वर्चस्व कायम करने के लिए फायरिंग कर रहे थे। आरोपियों के कब्जे से एक पौनिया, एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से जम्मू कश्मीर में तैनात फौजी चार दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव आया था।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि बुधवार की रात करीब 11 बजे ग्रामीणों ने डायल 112 पर कॉल कर गांव गंदू नंगला स्थित मकान की छत पर चढ़कर दो युवकों द्वारा फायरिंग करने की सूचना पुलिस को दी गई थी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार डायल 112 पुलिस के साथ गांव पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने मकान को घेर लिया और दो युवकों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान सत्यम सिंह व शिवम निवासी गांव गंदू नंगला के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पौनिया, एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किए। गिरफ्तार दोनों आरोपी सगे भाई हैं।
आरोपी शिवम वर्ष 2018 में 11 जाट रेजिमेंट बरेली के माध्यम से सेना में भर्ती हुआ। वर्तमान में वह कश्मीर के सोनमर्ग में तैनात है। एएसपी ने बताया कि आरोपी शिवम चार दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव आया था। उनके पिता भी सेना से सेवानिवृत हैं।
गांव में वर्चस्व बनाने के लिए की फायरिंग
एएसपी ने बताया कि बुधवार की रात 11 बजे घर की छत पर चढ़कर सत्यम व शिवम ने गांव में वर्चस्व बनाने के लिए फायरिंग की थी। फायरिंग से उनके आसपास में रहने वाले लोग दहशत में आ गए थे। साथ ही ग्रामीणों फायरिंग होने पर गांव में तरह-तरह की बातें कर रहे थे।