हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के गांव में नौ जुलाई को 13 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके जीजा इमाम को गिरफ्तार किया है। कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम करने के बाद रिपोर्ट में किशोर के साथ दुष्कर्म और यातनाएं देने का खुलासा हुआ है। हालांकि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। इसके कारण बिसरा सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने मृतक के जीजा मौलाना शहजाद के खिलाफ कुकर्म और गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करते गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक के गाजियाबाद निवासी भाई ने मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें बताया था कि उनका 13 वर्षीय छोटा भाई हाफिजपुर के गांव में अपने जीजा शहजाद के पास रहता था। शहजाद वहां एक मस्जिद में इमाम और मदरसे में शिक्षक है। 9 जुलाई की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई की तबीयत खराब होने से मौत हो गई। शहजाद ने कई घंटों बाद फोन उठाया और बताया कि वह मृतक का शव लेकर उनके घर आ रहा है। शहजाद के साथ 15-20 लोग एंबुलेंस में शव लेकर पहुंचे और जल्दी दफनाने का दबाव बनाया। उन्होंने दावा किया कि किशोर की मौत गिरने से हुई।
शव को नहलाने के दौरान परिवार ने मृतक के शरीर पर चोट के निशान और गुप्तांग से खून बहता देखा। पीड़ित के पिता वृद्ध और नेत्रहीन होने के कारण स्थिति का फायदा उठाया गया। परिवार ने बहन का घर बचाने के लिए पहले चुप्पी साधी, लेकिन बाद में बहन ने खुलासा किया कि शहजाद उनके भाई के साथ मारपीट और दुष्कर्म करता था, इसके चलते उसकी मौत हुई। डीएम की संस्तुति पर 22 जुलाई को शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया था।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी शहजाद को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।