गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ पुलिस ने गांव भद्स्याना में दहेज हत्या के मामले में वांछित चल रही महिला को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मृतका के पति को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि जनपद बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव कपूरपुर निवासी राहुल सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिन्होंने रिपोर्ट में उल्लेख किया कि उनकी बहन चांदनी की शादी गांव भद्स्याना निवासी कपिल के साथ करीब चार साल पहले हुई थी। पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज में पांच लाख रुपये के लिए चांदनी का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। इस मामले में उन्होंने बरेली न्यायालय में वाद भी दायर किया था। इसमें 13 दिसंबर की तारीख लगी हुई थी। दो दिसंबर की सुबह उन्हें सूचना मिली कि आरोपियों ने चांदनी की हत्या कर दी है। जानकारी मिलने पर वह गांव पहुंचे, जहां मालूम हुआ कि शव को पुलिस ने हापुड़ पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। पीड़ित ने बहन के पति कपिल, जेठ रोहित, जेठानी स्वाती, जेठ मोहित व सास आशा को नामजद किया था। सीओ ने बताया कि बहादुरगढ़ पुलिस कपिल को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, बृहस्पतिवार को सूचना के आधार पर आरोपी सास आशा को भी उसके मकान से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।