ब्रजघाट। सोमवार को बिजनौर जाते समय सीएम योगी का काफिला गंगानगरी से होकर गुजरने की सूचना पर पुलिस और प्रशासन सुबह अलर्ट हो गया। उच्चाधिकारी गंगानगरी में आकर रास्ते पर कालीन बिछवाने के साथ ही व्यवस्था चाक चौबंद कराने में जुट गए, लेकिन ऐन मौके पर सीएम हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह की माता भाग्यवती देवी का निधन होने पर सीएम योगी शोक व्यक्त करने बिजनौर गए। जो सुबह होते ही हेलीकॉप्टर द्वारा लखनऊ से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे। परंतु बादल के साथ ही बारिश होने के कारण उन्हें दिल्ली लखनऊ नेशनल हाईवे से सड़क मार्ग से होकर बिजनौर पहुंचना था। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना हो गया। हापुड़ के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी विनीत भटनागर, एसडीएम अंकित कुमार वर्मा, सीओ वरुण मिश्रा, तहसीलदार राहुल सिंह, एसपी अमरोहा अमित कुमार आनंद, एएसपी अखिलेश भदौरिया, सीओ अंजलि कटारिया कुछ ही देर के भीतर ब्रजघाट गंगानगरी में पहुंच गए। नगर पालिका स्तर से भी लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह से लेकर गंगा घाट को जाने वाले तारगली के रास्ते में साफ सफाई कराने के साथ ही कालीन भी बिछवा दी गईं। ताकि बिजनौर जाते समय अगर सीएम योगी कुछ मिनटों के लिए गंगानगरी में ठहर गए तो सारी व्यवस्था चुस्त दुरुस्त नजर आएं। लेकिन दोपहर बाद आकाश में छाए बादल अचानक गायब होने के साथ ही धूप भी निकल आई, जिससे सीएम योगी सड़क मार्ग की बजाए हेलीकॉप्टर द्वारा बिजनौर के लिए रवाना हो गए। जिसका पता लगते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों को राहत की सांस मिल गई।