हापुड़। अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण जिले में बंद हुए बैनामे अब शुरू हो जाएंगे। बैनामे न होने के कारण सरकार को राजस्व की काफी हानि हो रही थी। इस संबंध में शुक्रवार को डीएम प्रेरणा शर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देशित किया।
29 अगस्त से जारी अधिवक्ताओं की हड़ताल के बाद से जिले में स्टांप, लेखपत्र आदि नहीं बन रहे थे। जिसके कारण जिले में 29 अगस्त के बाद से एक भी बैनामा नहीं हुआ है। अधिकारियों की माने तो इस अवधि में जिले में करीब 20 करोड़ का नुकसान हुआ है। डीएम प्रेरणा सिंह ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी रजिस्ट्रार से कहा कि समय से कार्यालय में बैठकर जो भी पक्षकार अपना लेखपत्र तैयार कराकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करते हुए कार्यालय में उपस्थित हो। उनके लेखपत्रों का पंजीकरण कराना सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। हड़ताल के कारण जन साधारण को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।