हापुड़। नगर पालिका द्वारा शहर में लोगों की सुविधा के लिए शौचालय बनाए गए हैं। गोल मार्केट के बाहर महिलाओं के लिए लाखों रुपये की लागत से पिंक शौचालय का निर्माण कराया गया है। लेकिन एक फल विक्रेता द्वारा इन शौचालयों का उपयोग फल गोदाम के रूप में किया जा रहा है। रविवार को इसका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो नगर पालिका अधिकारियों ने फल विक्रेता को चेतावनी देकर छोड़ दिया। मामले से शहर के लोगों में गुस्सा है।
अतरपुरा चौपला पर शहर का प्रमुख मार्केट गोल मार्केट स्थित है। यहां बड़ी संख्या में शहरवासी खरीददारी करने के लिए आते हैं। शहरवासियों की मांग और महिलाओं की सुविधाओं के लिए नगर पालिका द्वारा लाखों रुपये खर्च कर पिंक शौचालय का निर्माण कराया। लेकिन देखरेख के अभाव में यहां एक फल विक्रेता ने कब्जा जमा लिया है और शौचालय को ही फलों को रखने के लिए गोदाम बना लिया।
विज्ञापन
फल विक्रेता गंदगी में रखे फल लोगों को बेचकर उनके सेहत से भी खिलवाड़ कर रहा है, जिसका किसी व्यक्ति ने फोटों खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। नगर पालिका अधिकारियों की इसकी जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचे और फल विक्रेता से शौचालय को खाली कराया।
नगर पालिका के सफाई निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि रात्रि में फल विक्रेता ने शौचालय में फल रख दिए थे, सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर शौचालय को खाली करा दिया है। फल विक्रेता को दोबारा ऐसे करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।