अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले लेखपालों ने 23वें दिन भी धरना दिया। इस दौरान जुलूस निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
बुधवार को लेखपाल नगर पालिका स्थित धरनास्थल पर एकत्र होकर धरना दिया। इसके बाद दोपहर के समय धरना स्थल से प्रदेश सरकार के खिलाफ जुलूस लेकर अतरपुरा चौपला, तहसील चौपला, कोठी गेट होते हुए जिला मुख्यालय पर पहुंचे।
लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष मोहम्मद राजू ने कहा कि 23 दिन से अपनी छह सूत्रीय मांग को लेकर धरना दे रहे हैं लेकिन प्रदेश सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है।
संघ के हापुड़ तहसील अध्यक्ष रवीश कुमार राही ने बताया कि लेखपाल संघ मांगे पूरी न होने के विरोध में 15 सितंबर को धरनास्थल पर रक्तदान शिविर लगाएंगे।
19 सितंबर को बाइक रैली निकालेंगे। इसके बाद 20 से 22 सितंबर तक क्रमिक अनशन पर बैठेंगे और 23 सितंबर से जेल भरो आंदोलन का आगाज होगा।
इस मौके पर चंद्र प्रकाश, संजय शर्मा, बिजेन्द्र सिंह, रामकिशोर, ऋषिपाल, सीताराम, भागमल, सत्यप्रकाश, शीशपाल सिंह, केपी सिंह, राकेश गिरि, पुष्पेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।