नगर व देहात क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में बुधवार को हिंदी दिवस मनाया गया। इसमें शिक्षकों ने स्टूडेंट्स को हिंदी का महत्व समझाया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इसमें स्टूडेंट्स ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
न्यू शिवपुरी स्थित मिनीलैंड कान्वेंट हाईस्कूल में सात से 14 सितंबर तक हिंदी सप्ताह का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 2 से 8 तक सुलेख, वर्तनी, शुद्धि, रचनात्मक आदि गतिविधियां कराई गईं। मुख्य वक्ता डॉ. तिलक सिंह ने कहा कि हिंदी विश्व की सबसे संपन्न, समृद्ध व विकसित भाषा है।
इस दौरान प्रधानाचार्या मनदीप कौर, नीलम खुराना, रेणुका छाबड़ा, लक्ष्मी वर्मा, दीपाली सिंघल आदि मौजूद रहे।
तगासराय स्थित रामनिवास स्मारक बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न मोहल्लों में स्वच्छता अभियान के तहत रैली निकाली। रैली का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक बीके शर्मा ने किया।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया। इस मौके पर विद्यालय अध्यक्ष परमानंद त्यागी, प्रबंधक हरीराज सिंह त्यागी, मंत्री गिरीश त्यागी, कोषाध्यक्ष उमेश त्यागी, प्रधानाचार्या पूनम त्यागी आदि उपस्थित रहे।
एसएसवी पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. सतीराम सिंह ने कहा कि हिंदी अनेक भाषाओं को अपने आप में धारण किए हुए है। इस मौके पर अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. आरके शर्मा, हिंदी विभाग के प्रोफेसर डॉ. अनूप सिंह और एमए द्वितीय वर्ष की छात्रा सोनिया त्यागी ने अपने विचार रखे।
गांव नवादा घुंघराला स्थित कृषक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हिंदी अध्यापक सुंदर सागर ने कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है। उन्होंने बताया कि हिंदी दिवस पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में हर्ष कुमार ने प्रथम, पारूल सागर ने द्वितीय और सोहित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
नली हुसैनपुर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में प्रश्न मंच का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य उपकार दत्त शर्मा ने कहा कि हिंदी मात्र भाषा व राष्ट्र भाषा है। प्रश्न मंच का संचालन राजेंद्र शर्मा ने किया। उन्होंने हिंदी की विधाओं से रोचक प्रश्न पूछे।
इस अवसर पर हिंदी की कविताओं का पाठ भी किया गया। सभी को हिंदी में कार्य करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर पंकज यादव, महेंद्र सिंह, गरीबा, बिजेंद्र, प्रदीप, इंद्रपाल आदि उपस्थित रहे।
दिल्ली रोड स्थित एसएसवी इंटर कॉलेज में शिक्षकों ने स्टूडेंट्स को हिंदी का महत्व समझाया। श्री सरस्वती विद्यालय इंटर कॉलेज में मुख्य अतिथि नरेंद्र कुमार मित्तल, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल, प्रबंधक आनंद प्रकाश आर्य,
उप प्रबंधक पुरूषोत्तम दास कसंल, कोषाध्यक्ष सुशील जैन ने कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है। प्रधानाचार्य विजय कुमार गर्ग ने कहा कि हिंदी का उत्थान आवश्यक है। इस मौके पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में आदित्य ने प्रथम, राजन ने द्वितीय व लक्की ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता में अजमल ने प्रथम, गुरदीप ने द्वितीय, सुहैल ने तृतीय स्थान पाया। कविता प्रतियोगिता में साहिल प्रथम नसीम द्वितीय व शादाब तृतीय स्थान पर रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में सुल्तान ने प्रथम, जीशान ने द्वितीय व प्रिंस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पिलखुवा में मारवाड़ इंटर कॉलेज में आयोजित गोष्ठी में प्रधानाचार्य राजेश यादव ने कहा कि हिंदी राष्ट्र में आपसी भाईचारे को बढ़ाती है। इस दौरान अदा जुवैरी, शर्मिला सिसौदिया, मुनेंद्र शर्मा, वीरफल सिंह, संदीप त्यागी, वंदना शर्मा, पूनम राना और सुशीला का विशेष सहयोग रहा।
वहीं मोनाड विवि के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग व शिक्षा संकाय के संयुक्त तत्वाधान में हिंदी दिवस मनाया गया। पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष डॉ. देवाशीष वर्मा ने कहा कि तमाम समाजशास्त्रियों व भाषाविदों का मानना है कि हमारा देश आज विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा होता,
अगर हमने विज्ञान और तकनीकी की शिक्षा अपनी भाषा में दी होती, क्योंकि हम जिस भाषा में सोचते हैं उसे पढ़ना व समझना आसान होता है। शिक्षा संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. सत्यवीर चौधरी ने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि हिंदी भाषा का व्याकरण राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वाराणसी के कक्षा नौ के तीन छात्रों श्यामसुन्दर दास,
रामनारायण मिश्र और शिवकुमार सिंह के प्रयासों से सन 1918 में बना। हिंदी भाषा को साजिशन सैकड़ों वर्षों तक दबाया गया। आज आवश्यकता है कि जैसे चीन, जापान, रसिया, जर्मनी आदि देशों ने अपनी मातृभाषा को रोजगारपरक बनाया, वैसे ही हम भी हिंदी को अपनाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. रामचंद्र ने की। समारोह को डॉ. ब्रिजेश तिवारी, डॉ. प्रशान्त आर्यन, डॉ. निखिल कौशिक, एएच खान, अमित सिंह, सहित पत्रकारिता विभाग के स्टूडेंट्स मानसी, श्रेया व संस्कार कुमार ने भी संबोधित किया। समारोह का संचालन साक्षी पंडित व धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव कर्नल डीपी सिंह ने किया।
शिक्षण संस्थाओं में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें राष्ट्रीय भाषा के प्रचार प्रसार को बढ़ावा देने के लिए लोगों को अपने बच्चों को अनिवार्य रूप में हिंदी की शिक्षा दिलाने का संकल्प दिलाया गया।
गढ़-शाहपुर रोड स्थित डीएम स्कूल में स्टूडेंट्स ने देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर राष्ट्रभाषा हिंदी की महत्ता बताई। स्कूल प्रबंधक राजेंद्र सिंह, प्रिंसिपल मंजू चौधरी और समन्वयक सुदर्शन पाल ने बताया कि 14 सितंबर 1949 को पहली बार हिंदी दिवस का आयोजन किया गया था।
वहीं गढ़ में समर्थ शिक्षा सेवा समिति की ओर से हिंदी दिवस पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें संस्था के अध्यक्ष भूषण त्यागी और समिति सचिव उमेश लोधी ने कहा कि राष्ट्र की एकता को दृढ़ बनाने के लिए हिंदी भाषा अति महत्वपूर्ण है।
गढ़ नगर के आदर्श कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित विचार गोष्ठी में छात्राओं ने कहा कि हिंदी भाषा भारत की गौरवमयी संस्कृति का प्रतीक है। प्रिंसिपल गार्गी चौहान ने सभी छात्राओं को राष्ट्रभाषा के अधिक से अधिक प्रयोग करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर साधना रस्तोगी, रेखा शर्मा, सीमा रानी, ममता तोमर, अंशु शर्मा, निक्की बंसल, शिवानी चौहान, दीपिका वर्मा आदि मौजूद रहे।