नई शिवपुरी मोहल्ले में नगर पालिका की हीलाहवाली के कारण लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। पिछले छह माह से सड़क पर पानी और गंदगी का अंबार लगा है। कई बार शिकायत के बाद भी नगर पालिका के अफसरों ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे लोगों में गुस्सा है।
नई शिवपुरी मोहल्ले में पीरवाली गली की सड़क नालियों से नीचे है। इसके कारण नालियों का गंदा पानी सड़क पर भरा रहा है। इसके कारण पिछले छह माह से लोगों का घर से निकलाना मुश्किल हो गया है।
जलभराव और गंदगी के कारण मोहल्ले में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। मोहल्ला निवासी रोहताश गर्ग ने बताया कि समस्या के समाधान को लेकर करीब छह बार नगर पालिका के अधिकारियों के पास जा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
लोगों ने एक बार फिर नगर पालिका को पत्र लिखकर शिकायत की है। शिकायत करने वालों में अजय, कुसुम गुप्ता, प्रीति, मनोज शर्मा, सचिन गर्ग, मुरारी लाल, सचिन जैन, श्रीनिवास, संजय, विनोद शर्मा, मनीष आदि शामिल थे।
इस संबंध में पालिका अध्यक्ष मालती भारती ने कहा कि इस मार्ग को ऊंचा करने के लिए विचार किया जा रहा है। जल्द ही लोगों की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।