बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी विकास और समाज उत्थान के नाम पर लोगों को आपस में लड़वा रही हैं। किसान, मजदूर और व्यापारी वर्गों का शोषण हो रहा है, महिलाएं घरों से निकलने में कतरा रही हैं।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने मंगलवार को जिले में आयोजित भाईचारा कार्यकर्ता सम्मेलन में ये बातें कही। उन्होंने कहा कि सूबे में जब-जब बसपा की सरकार आई है, समूचे प्रदेश में विकास की गंगा बहती नजर आती थी।
वर्तमान सत्ताधारी पार्टी के राज में भ्रष्टाचार, लूट, डकैती, रेप और हत्या जैसी घटनाओं की बाढ़ आ गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सांप्रदायिकता फैलाकर भाई को भाई से लड़वा रही है। कभी गो हत्या तो कभी छेड़छाड़ की घटनाओं को सांप्रदायिकता का रूप दिया जा रहा है।
हमें इन पार्टियों की नीतियों को समझना होगा और इन्हें मुंहतोड़ जवाब देकर आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा सुप्रीमो को फिर से यूपी की कमान सौंपनी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को हापुड़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी श्रीपाल सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने का प्रण दिलाया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी एडवोकेट अतर सिंह राव ने कहा कि जब-जब मुस्लिम और दलित समाज एक हुआ है, तब-तब राजनीतिक क्षेत्र में बदलाव आए हैं। इसलिए दोनों समाज को एकजुट होकर बसपा को सत्ता में लाना होगा।
वहीं, बसपा प्रत्याशी श्रीपाल सिंह ने कहा कि जनता अब सपा और भाजपा के शासन से त्रस्त हो चुकी है। बसपा काल में जनता खुशहाल थी। इस दौरान किरनपाल सिंह,
अब्दुल मलिक, शाहिद मंसूरी, कुंवरपाल केन, गुलजार चौधरी, रहीस चौधरी, खलील प्रधान, शादाब, नदीम चौधरी, वसीम चौधरी, अब्दुल कादिर, कमाल मुर्तजा, जाहिद प्रधान, प्रदीप भारती मौजूद रहे।