जसरूपनगर गांव में भूमाफिया द्वारा नाले की भूमि पर कब्जे के मामले में शुक्रवार को तहसीलदार ने टीम के साथ पहुंचकर कब्जा हटवाया। इस दौरान भूमाफिया को खदेड़ कर तालाब की भूमि को जेसीबी से खुदवा दिया। प्रशासन की कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।
ज्ञात हो कि जसरूपनगर गांव में दस्तोई रोड पर भूमाफिया ने कुछ किसानों की भूमि खरीदकर इस पर प्लाटिंग कर रखी है। प्लांटिंग के दौरान इस भूमि पर मौजूद नाले पर भी कब्जा कर लिया गया। जिसकी शिकायत प्रधान पति जितेंद्र सिंह ने एसडीएम से की थी।
जांच में वास्तव में यह भूमि तालाब की पायी गयी। मामले में कार्रवाई में देरी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश था। शुक्रवार को तहसीलदार केके सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो भूमाफिया ने विरोध किया।
जिस पर टीम ने कब्जा करने वालों को खदेड़ दिया। इसके बाद नाले के स्थान को चिन्हित कर उसे जेसीबी से खुदवा दिया।
एसडीएम अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि भूमि को कब्जा मुक्त करा दिया गया है। भूमि पर दोबारा कब्जे का प्रयास किया जाता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।