हापुड़। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार और रीजनल पासपोर्ट ऑफिस के सहयोग से हापुड़ के नागरिकों को पासपोर्ट संबंधी सेवाएं सुलभ कराने के लिए हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) के परिसर में पासपोर्ट मोबाइल वैन कैंप का सोमवार को शुभारंभ हुआ। पहले दिन करीब 30 लोगों ने इसका लाभ उठाया।
कैंप का शुभारंभ एचपीडीए उपाध्यक्ष डॉ. नितिन गौड़, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उन्होंने बताया कि पासपोर्ट मोबाइल वैन कैंप का उद्देश्य जिले के नागरिकों को उनके नजदीक पासपोर्ट आवेदन, नवीकरण, और अन्य संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें दूरदराज के पासपोर्ट कार्यालयों तक न जाना पड़े। कैंप छह अगस्त तक 11 अगस्त से 13 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। इच्छुक नागरिक इस अवधि में कैंप में पहुंचकर पासपोर्ट सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। कैंप का संचालन सीनियर कंसल्टेंट तेजेंद्र आनंद द्वारा किया गया।