माता मोहल्ले में घर के बाहर खेल रहे बच्चों पर बुधवार सुबह बंदरों के झुंड ने हमला बोल दिया। इससे पांच बच्चे जख्मी हो गए। लोगों ने बंदरों को पकड़वाने की मांग उठाई है।
बुधवार सुबह माता मोहल्ले में घर के बाहर बच्चे खेल रहे थे। तभी अचानक बंदरों के झुंड ने बच्चों पर हमला बोल दिया। हमले की चपेट में आकर नौ वर्षीय शिवम, बिलाल, आठ वर्षीय सोनी, 12 वर्षीय रोहित और सात वर्षीय निखिल घायल हो गए।
बच्चों की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंच गए और घायल बच्चों का चिकित्सकों से उपचार कराया। लोग बंदरों के आए दिन बढ़ते आतंक से बहुत परेशान हैं।
मोहल्ले वालों ने बंदरों को पकड़वाने की मांग उठाई है। राजन शर्मा, दीपक और प्रदीप कुमार विमल ने कहा कि दिनोंदिन बंदरों का हमला बढ़ रहा है इसलिए सभी ने पालिका से बंदरों को जल्द से जल्द पकड़वाने की मांग उठाई है।
पालिका प्रशासक ज्योति राय ने कहा कि बंदरों को पकड़वाने की योजना बनाई जा रही है। जल्द ही बंदरों को पकड़वाया जाएगा।