खून की जांच का सामान उपलब्ध कराने वाली दिल्ली की एक कंपनी के मालिक का पिलखुवा के एक मेडिकल कालेज प्रबंधन ने 3.5 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। कई बार अनुरोध करने के बाद भी भुगतान नहीं होने पर कंपनी मालिक ने रविवार दोपहर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली में हंगामा किया।
इस दौरान कोतवाल का घेराव कर बकाया भुगतान दिलाने की मांग की। बता दें कि दिल्ली में रवि कुमार की एक कंपनी है, जो मेडिकल कॉलेजों को खून की जांच का सामान उपलब्ध कराती है।
उक्त कंपनी ने करीब छह माह पूर्व पिलखुवा के एक मेडिकल कालेज को साढ़े तीन लाख रुपये का सामान दिया था। कई बार चक्कर काटने और भुगतान कराने का अनुरोध करने पर भी भुगतान नहीं हुआ तो कंपनी मालिक के सब्र का बांध टूट गया।
रविवार दोपहर कंपनी का मालिक हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचा और हंगामा किया। इस दौरान कंपनी के मालिक के साथ कार्यकर्ताओं ने कोतवाल का घेराव कर बकाया भुगतान दिलाने की मांग की।
कोतवाल अजय अग्रवाल ने बताया कि कंपनी के मालिक ने भुगतान नहीं मिलने की समस्या रखी है। जल्द इस संबंध में मेडिकल कालेज में वार्ता की जायेगी। कंपनी मालिक की समस्या का समाधान कराया जाएगा। उधर, मेडिकल कालेज के जीएम मनीष लाल से संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।