हापुड़। प्रीत विहार स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में बुधवार को अलंकरण समारोह का आयोजन हुआ। इसमें छात्र/छात्राओं ने ऑपरेशन सिंदूर के साथ आकर्षक नाटकों का मंचन कर मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि डीपीएस सोसायटी की संयुक्त निदेशक डोली चांदना ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गणेश वंदना के बाद मां सरस्वती का आशीर्वाद लिया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसमें भारत की अनेकता में एकता और ऑपरेशन सिंदूर ने तो संपूर्ण वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। योग और ताइक्वांडो के अद्भुत प्रदर्शन को देखकर सभी आश्चर्यचकित रह गए।
मुख्य अतिथि डोली चांदना ने हार्दिक गर्ग को अध्यक्ष, भवनूर सिंह को हेड बॉय, हेड गर्ल मेघा सिंघल और अन्य नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बैज लगाया।
छात्र परिषद ने पूरी गंभीरता और संयम के साथ शपथ ली और क्षमता के अनुसार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के समग्र विकास और कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए प्रधानाचार्या मीना आनंद के अथक प्रयासों की सराहना की। विद्यालय की प्रधानाचार्या मीना आनंद ने छात्रों को संवादात्मक, भावनात्मक, अनुशासनात्मक, स्पष्टवादिता, और देश हित में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।