हापुड़। मेरठ से हापुड़ होकर लखनऊ जाने वाली राजरानी एक्सप्रेस रामपुर के पास शनिवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे यहां से सवार हुए यात्रियों के परिजनों में अफरा तफरी मच गई। हापुड़ स्टेशन से निकलने वाली कई ट्रेनों का संचालन इससे प्रभावित हुआ।
जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे विभाग ने यात्रियों के परिजनों की जानकारी के लिए आपात नंबर भी जारी कर दिया। राजरानी एक्सप्रेस हापुड़ स्टेशन से सुबह 5.35 बजे गुजरी। रामपुर के कोसीकला नदी पर बने पुल के पास यह ट्रेन डिरेल हो गई।
ऐसे में लखनऊ दिल्ली मार्ग बाधित होने से हापुड़ में ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा। दिन निकलते ही घटना से स्थानीय रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में स्टेशन पर ट्रैकों की जांच पड़ताल की गई।
दिल्ली से लखनऊ की ओर जा रही अवध आसाम एक्सप्रेस को लगभग एक घंटे तक हापुड़ स्टेशन पर रोका गया। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन में डीजल का इंजन लगाकर उसे चंदौसी होते हुए रवाना किया गया।
जबकि शहीद एक्सप्रेस 6 घंटे, मालदा टाऊन ढाई घंटे प्रभावित रहीं। ट्रेनों के संचालन में देरी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम के समय दिल्ली से लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों को चंदौसी से रवाना किया गया।
वहीं रेलवे द्वारा हापुड़ स्टेशन पर आपात नंबर जारी किया गया। जिसमें 0122-2305326 पर काल कर अपने परिचितों के बारे में पूछताछ की जा सकती है। स्टेशन अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन किया गया। जिन्हें हापुड़ से चंदौसी वाले रास्ते से आगे की भेजा गया। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे विभाग द्वारा पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
ये ट्रेन रही रद्द-
सदभावना एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, दिल्ली फैजाबाद एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस व पदमावत एक्सप्रेस रद्द रही। उधर रविवार को सदभावना एक्सप्रेस, फैजाबाद एक्सप्रेस, राज्यरानी एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस व भुज एक्सप्रेस रद्द रहेगी।