तहसील दिवस में महज दो शिकायतों का मौके पर ही निपटारा हो पाया, जबकि शेष शिकायतों को जल्द निस्तारित करने के साथ डीएम ने संबंधित विभागों के सुपुर्द कर दिया है।
डीएम कृष्णा करुणेश की अध्यक्षता में मंगलवार को गढ़ में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। इसमें गढ़-ब्रजघाट समेत तहसील क्षेत्र से जुड़े गांवों से आए लोगों ने कुल 27 शिकायतें रखीं। इनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण हो सका।
शेष शिकायतों को शीघ्र निस्तारित करने के लिए डीएम ने संबंधित विभागों को सौंप दिया। उन्होंने पिछले तहसील दिवसों से जुड़ीं लंबित शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही सामने आने पर संबंधित विभाग के अफसरों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
वहीं एसपी हेमंत कुटियाल ने अपराधों पर अंकुश और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी करने के सख्त निर्देश दिए हैं। वहीं, गढ़ के वार्ड 19 के निवासी मोमीन ने निकाय चुनाव में फर्जी वोटरों के नाम हटाने की मांग की।
सिंभावली के भरना गांव निवासी जितेंद्र ने डीएम के सामने सिंडिकेट बैंक कर्मचारियों पर उसकी कृषि भूमि पर फर्जी लोन निकालने की शिकायत रखी।
तहसील दिवस में सीडीओ दीपा रंजन, सीएमओ अविनाश कुमार, सीओ एससी पांडे, सीओ एसपी दुबे, तहसीलदार सुभाष, एक्सईएन पीके अग्रवाल समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
उधर, हापुड़ में तहसील सभागार में एडीएम रजनीश राय की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित हुआ। इसमें कुल 39 शिकायतें आईं। इनमें से मात्र एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण हो पाया।
छिद्दा निवासी सुल्तानपुर ने मकान से अवैध कब्जे हटाने, भड़ंगपुर निवासी गीता ने गरीबों के संचालित योजना का लाभ नहीं मिलने, अटूटा निवासी सुखपाल ने जमीन की पैमाइश कराने, रघुवीरगंज निवासी जसवीरी ने रास्ता खुलवाने की मांग की।
शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया। एडीएम रजनीय राय ने कहा कि बाकी लंबित शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।