हापुड़। परिवहन निगम की चेकिंग टीम को कौशांबी-स्याना मार्ग पर संचालित बस में 13 में से तीन यात्री बिना टिकट मिले। परिचालक ने यात्रियों से किराया वसूलने के बाद भी उन्हें टिकट नहीं दिया था। एआरएम ने परिचालक से स्पष्टीकरण मांगा है साथ ही अगले आदेश तक मार्ग पर रोके जाने के निर्देश दिए हैं।
कौशांबी-स्याना मार्ग पर संचालित बस पर संविदा परिचालक रेवाराम कार्य कर रहे थे। टिकट चेकिंग टीम ने बीबी नगर, स्याना मार्ग पर टिकट निरीक्षण के दौरान बस में कुल 13 यात्री सवार मिले। इनमें से बीबी नगर से स्याना जाने वाले तीन यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए। यात्रियों ने आरोप लगाया है परिचालक ने किराया वसूली के बाद भी उन्हें टिकट उपलब्ध नहीं कराया।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक लक्ष्मण सिंह का कहना है संविदा परिचालक ने मुख्यालय के निर्देशों की अवहेलना करते हुए भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। परिचालक को नोटिस देकर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। 24 घंटे के अंदर संतोषजनक जवाब न देने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संविदा परिचालक को अग्रिम आदेश तक मार्ग पर जाने से रोक लगा दी है।