हापुड़। उत्तर प्रदेश सरकार के नए आदेशों को लेकर मांगे माने जाने के बाद जिले की तीनों तहसीलों में अधिवक्ताओं, बैनामा लेखकों आदि की हड़ताल समाप्त हो चुकी है। इसके बाद अब सोमवार से बैनामों में तेजी आएगी। प्रतिदिन 80-90 बैनामे प्रत्येक तहसील क्षेत्र में कराने का लक्ष्य रखा गया है। ताकि करीब 20 दिनों के लंबित बैनामों और समझौतों के मामलों का निस्तारण हो सके। इस हड़ताल के कारण राजस्व विभाग को अभी तक 25 करोड़ से अधिक का नुकसान पहुंचा है। मामले में एडीएम संदीप कुमार का कहना है कि तीनों तहसील में सभी अधिवक्ताओं, बैनामा लेखकों आदि की हड़ताल शनिवार तक समाप्त हो चुकी है। जिले में तेजी से बैनामा कराने के लिए उप निबंधन कार्यालय के अधिकारियों को आदेश जारी किए हैं।