गढ़मुक्तेश्वर। गांव मानकचौक में घर में घुसकर युवक ने वृद्धा की पिटाई की, जिसका उपचार मेरठ के अस्पताल में चल रहा था। बुधवार को उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
गांव निवासी तेजवीर ने बताया कि 27 मई की शाम करीब साढ़े छह बजे वह किसी काम से बाहर गया हुआ था। घर पर उसकी करीब 90 वर्षीय मां ओमवती और पत्नी मौजूद थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला सुमित उसके घर पहुंच गया। जिसने घर में घुसते ही गाली-गलौज और अभद्रता करना शुरू कर दिया। जब उसकी माता ने गाली देने से रोका, तो आरोपी ने लाठी से उनकी पिटाई शुरू कर दी। जिससे उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर आस पड़ोस के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। स्थानीय अस्पताल से चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया। जहां बुधवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है, वहीं अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी भी नहीं हुई है। सीओ आशुतोष शिवम का कहना है कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। महिला की मौत की अभी जानकारी नहीं है।