पिलखुवा में नोटिस चस्पा करते हुए। संवाद
पिलखुवा। छिजारसी टोल क्षेत्र में हाईवे की जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने निरीक्षण के दौरान अनधिकृत निर्माण मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर कब्जा हटाने का आदेश दिया है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट निदेशक अरविंद कुमार की ओर से जारी नोटिस में एनएच नौ पर अवैध निर्माण और अनधिकृत पहुंच बनाए जाने की पुष्टि की गई है। नोटिस में अजित मलिक को जिम्मेदार ठहराते हुए साफ निर्देश दिए गए हैं कि तय समय में कब्जा नहीं हटाया गया तो जुर्माना लगाने के साथ तत्काल बेदखली की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले विद्युत विभाग भी टोल क्षेत्र में अवैध निर्माणों को लेकर नोटिस जारी कर चुका है, जिससे कार्रवाई का दायरा और सख्त हो गया है। लगातार हो रही कार्रवाई से इलाके में हलचल तेज हो गई है।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत से जुड़े एकलव्य सिंह सहारा के ऐलान के बाद प्रशासन हरकत में आया और अब जमीन पर कार्रवाई दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब मजदूर के साथ अन्याय हुआ है और पूरे मामले को उजागर किया जाएगा। प्रशासन ने चेता दिया है कि हाइवे की जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।