प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1000 और 500 रुपये के नोट अचानक बंद कराकर बेशक कड़ा कदम उठाया है, लेकिन इस नोट बंदी के चलते रजिस्ट्री विभाग को कड़ा झटका लगा है।
रजिस्ट्री विभाग सूत्रों की मानें तो आमतौर पर प्रत्येक माह होने वाले बैनामों से विभाग को औसतन दो करोड़ रुपये महीने के राजस्व की आय हो जाती थी, लेकिन नोट बंदी के कारण यह महज 80 लाख तक ही सिमट गई है।
सब रजिस्ट्रार सुबोध कुमार राय ने बताया कि नवंबर महीने में लगभग 80 लाख रुपये की आय हुई है, जिसमें अधिकांश आमदनी आठ नवंबर से पहले की है। उन्होंने बताया कि आजकल तो हालत यह है कि पूरे दिन में इक्का दुक्का लोग ही रजिस्ट्री कराने आते हैं।
स्टांप विक्रेता अनिल कुमार त्यागी और विकास शर्मा ने बताया कि आजकल जैसे हालात पहले कभी नहीं हुए थे। रजिस्ट्री कार्यालय में जहां भीड़ लगी रहती थी, वहां सन्नटा पसरा है।
अभी पता नहीं कितने दिन यह संकट बना रहेगा। नोट बंदी का प्रभाव बैनामों पर लगने के लिए फोटो खींचने वाले फोटोग्राफरों, टाइपिस्टों और वकीलों पर भी पड़ा है। उनके पास भी फिलहाल काम नहीं है।