संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव नूरपुर में रविवार रात हुए गोलीकांड में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर ग्राम प्रधान व जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर समेत नौ व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। घटना में आठ लोग गोली व छर्रे लगने से घायल हो गए थे। जिसमें एक की हालत गंभीर है। पुलिस चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गांव निवासी सुंदर ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि रविवार दोपहर बाद चार बजे उनका बेटा अमन बुग्गी लेकर गांव में जा रहा था। रास्ते में संजय का ट्रैक्टर खड़ा था। उनके बेटे अमन ने संजय के बेटे अर्पित से रास्ते से ट्रैक्टर हटाने को कहा। आरोप है कि अर्पित ने गाली गलौंज कर उनके बेटे की पिटाई कर दी। पिटने के बाद उनका बेटे अमन घर चला गया था। इसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे संजय, उसके बेटे अर्पित व श्रवण, उसके भाई प्रेमपाल, भतीजे अक्षय व भूरे व भाई अमित ने उनके चचेरे भाई जगदीश को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
जगदीश के चिल्लाने पर उनका बेटा निखिल, भतीजा आयुष व विजय, भाई संत सिंह व रवि, पुत्रवधू माही और परिवार के अनुज उन्हें बचाने के लिए दौड़े। इस दौरान आरोपी अर्पित, श्रवण, संजय, प्रेमपाल, अमित, अक्षय व भूरे ने अपनी छत पर चढ़कर जान से मारने की नियत से लाइसेंसी व देशी असलहों से सभी के ऊपर गोली चला दी। इसमें आयुष, निखिल, अनुज, रवि, विजय, संतसिंह, माही गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि ग्राम प्रधान पदम सिंह के द्वारा षड्यंत्र के तहत ये घटना कराई गई है और इसमें जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर अजीत भी शामिल है। रवि व आयुष को गंभीर हालत में चिकित्सकों ने अन्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। जबकि सभी का उपचार अन्य अस्पताल में चल रहा है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि सुंदर की तहरीर पर संजय, अर्पित, श्रवण, प्रेमपाल, अक्षय, अमित, भूरे, पदम सिंह व अजीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर मामले में पूछताछ कर रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
22 अगस्त की शाम को अपने पिता की हत्या की थी
17 बीघा जमीन को ठेके पर देने से गुस्साया हिस्ट्रीशीटर अजीत 22 अगस्त की शाम को शराब के नशे में अपने पिता राममेहर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस संबंध में राममेहर की पुत्रवधू गीता ने आरोपी हिस्ट्रीशीटर देवर अजीत पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी अजीत पिता की हत्या कर मौके से भाग गया था। कुछ दिनों बाद आरोपी ने किसी मामले में बुलंदशहर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। जिसके बाद बाबूगढ़ पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को लेकर पिता की हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया था।