विधान सभा चुनाव के लिए जारी नामांकन प्रक्रिया के दौरान सोमवार का दिन गहमागहमी भरा रहने वाला है। कई दिग्गजों के साथ विभिन्न पार्टियों के करीब 10 प्रत्याशी नामांकन करेंगे। इस दौरान समर्थकों की भीड़ के कारण कलक्ट्रेट में गहमागहमी रहेगी। इसके चलते सड़क पर भी जाम से जूझना पड़ सकता है।
जिले की तीनों विधान सभा सीटों के लिए 17 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया जारी है। सोमवार को तीनों सीटों के अधिकतर प्रत्याशी कलक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन करेंगे। सोमवार को नामांकन करने वालों में भाजपा के तीनों प्रत्याशी हापुड़ से विजयपाल आढ़ती, धौलाना से रमेश चंद तोमर, गढ़ से कमल मलिक, हापुड़ से कांग्रेस प्रत्याशी गजराज सिंह, गढ़ से सपा प्रत्याशी मदन चौहान, रालोद की हापुड़ से अंजु मुस्कान, गढ़ से अय्यूब अली नामांकन करेंगे।
निर्दलीय प्रत्याशियों के रूप में भाजपा नेता राजेंद्र कुमार की पत्नी अृमता सिंह, पूर्व सपा नेता सतपाल यादव नामांकन करेंगे। इससे पहले गढ़ से बसपा प्रत्याशी प्रशांत चौधरी, उनकी पत्नी हेमलता चौधरी ने निर्दलीय, धौलाना से बसपा के असलम चौधरी व एक अन्य प्रत्याशी ने ही नामांकन किया है।
इसको देखते हुए कलक्ट्रेट में सोमवार का दिन बड़ी गहमागहमी भरा रहेगा। समर्थकों की भीड़ को संभालना पुलिस के लिए मुश्किल होगा। कलक्ट्रेट के बाहर जाम की स्थिति रहेगी।
हालांकि इससे निपटने के लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। एडीएम रजनीश राय ने बताया कि कलक्ट्रेट के भीतर नियमानुसार ही प्रवेश दिया जाएगा। किसी भी बाहरी व्यक्ति को बिना किसी कार्य के परिसर में नहीं घुसने दिया जाएगा।
रूट डायवर्जन होगा --
यातायात प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि सोमवार को बुलंदशहर और मेरठ की ओर से आने वाले भारी वाहनों को निजामपुर बाईपास होते हुए निकाला जाएगा। इसके अलावा नामांकन के समय में तहसील और पक्काबाग चौपला के बीच ई- रिक्शाओं का संचालन बंद रहेगा।