हापुड़। बार एसोसिएशन की वर्ष 2024-25 की कार्यकारिणी के चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया शुरु हुई। जिसमें अध्यक्ष पद पर दो, सचिव पद पर एक सहित विभिन्न पदों पर दस प्रत्याशियों ने नामांकन किए। बुधवार को भी नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी। 13 नवंबर को मतदान और 14 नवंबर को मतगणना होगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी संदीप कुमार त्यागी व सहायक चुनाव अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी में कुल 21 पद है। जिनके लिए मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया शुरु हुई। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए हरीश कुमार शर्मा व पुरुषोत्तम वर्मा द्वारा नामांकन किया गया। सचिव पद के लिए मोहम्मद बिलाल सैफी ने नामांकन किया। इसके अलावा सहसचिव प्रशासन पद पर संजय सिंह, अभिषेक आजाद, आकाश त्यागी व योगेंद्र सिंह सिद्धू, वरिष्ठ सदस्य पद पर जगदीश प्रसाद शर्मा व कनिष्ठ सदस्य पद के लिए सीमा गौतम व मोहम्मद अनस कुरैशी द्वारा नामांकन किया गया।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ सदस्य व कनिष्ठ सदस्य के छह-छह पद है। छह नवंबर को सुबह दस से चार बजे तक नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी। सात नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच व आठ नवंबर को नामांकन पत्र वापसी सुबह दस से शाम चार बजे तक की जाएगी। बारह नवंबर को दोपहर बारह बजे से शाम चार बजे तक टेंडर वोट डाले जाएंगे। 13 नवंंबर को सुबह दस से शाम पांच बजे तक मतदान होगा और 14 नवंबर को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरु होगी। जो मतगणना पूर्ण होने तक जारी रहेगी।
दलबल के साथ जाकर किया नामांकन
एक गुट के अध्यक्ष पद के हरीश कुमार शर्मा व सचिव पद के प्रत्याशियों मोहम्मद बिलाल सैफी दलबल के साथ नामांकन करने के लिए चुनाव अधिकारी के कार्यालय पर पहुंचे। जहां पर बड़ी संख्या में उनके समर्थक अधिवक्ता मौजूद थे। इस अवसर पर उक्त गुट के कई अन्य प्रत्याशियों ने भी नामांकन किया। वहीं, अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पुरुषोत्तम वर्मा ने बिना किसी दलबल के चुनाव कार्यालय पर जाकर नामांकन किया। बुधवार को नामांकन का अंतिम दिन है। इसलिए बुधवार को नामांकन करने वाले प्रत्याशियों की संख्या अधिक होगी।
तेज हुआ चुनाव प्रचार
मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया शुरु होने के साथ ही चुनाव प्रचार तेज हो गया है। प्रत्याशी अपने भारी दलबल के साथ चैंबरों पर जाकर वोट मांग रहे है। वहीं, शाम को प्रत्याशी मतदाताओं के घर जाकर भी संपर्क कर रहे हैं।