रोडवेज बस अड्डे के बाहर नाले में भरी गंदगी। संवाद
हापुड़। शहर के मेरठ रोड स्थित रोडवेज बस अड्डा परिसर में प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण शाम ढलते की अंधेरा छा जाता है। वहीं, परिसर के बाहर खुला नाला भी हादसों को न्योता दे रहा है। निगम के अधिकारी नगर पालिका प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग कर चुके हैं, लेकिन समाधान न होने के कारण यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
हापुड़ रोडवेज बस अड्डे से विभिन्न मार्गों के लिए बसों का संचालन होता है। किठौर और मोदीनगर मार्ग के साथ ग्रामीण मार्गों की बसें अड्डा परिसर से ही संचालित होती है लेकिन बस अड्डा परिसर के मुख्य गेट पर प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है। किठौर और मोदीनगर मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। दो दिन पूर्व भी रात्रि में एक यात्री अंधेरे के कारण नाले में गिरकर घायल हो गया था।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक लक्ष्मण सिंह का कहना है कि समस्याओं को लेकर नगर पालिका ईओ संजय मिश्रा को अवगत कराया जा चुका है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है। जल्द ही डीएम को समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। समस्या का समाधान कराकर यात्रियों की परेशानी को दूर किया जाएगा।