बैंक ऑफ बड़ौदा के बाहर सुबह से ही लाइन में लगे लोगों ने कैश नहीं मिलने पर हंगामा करते हुए एनएच-24 पर जाम लगा दिया। साथ ही लोगों ने बैंक मैनजर अपने खास लोगों को कैश देने का आरोप लगाया। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर करीब 25 मिनट बाद जाम खुलवाया।
सोमवार सुबह सात बजे से ही हाईवे स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से कैश निकालने के लिए लोग लाइन में लगे हुए थे। सुबह 10 बजे जब बैंक खुला तो बैंक कर्मियों ने लोगों को कैश नहीं होने की जानकारी दी। इस पर सुबह से ही ठंड में लाइन में लगे लगे लोगों का धैर्य जवाब दे गया। लोगों ने हाईवे पर प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया।
लोगों ने बताया कि सुबह सात बजे से ही वह बैंक के बाहर कतार में लगे हैं, 10 बजे बैंक खुलने पर पता चला है कि कैश नहीं है। अगर कैश नहीं था तो बाहर नोटिस लगाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि मैनेजर अपने खास लोगों को गार्ड से कहकर बुला लेते हैं और कैैैश दे देते हैं। रोज 15-20 लोगों को ही कैश बांटा जाता है।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचीं और लोगों को समझा-बुझाकर करीब 15 मिनट बाद जाम खुलवाया। इस दौरान जाम में फंसे सैकड़ों वाहनों के चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, बैंक प्रबंधक वीरेंद्र सिंह ने ग्राहकों के आरोप निराधार बताते हुए कहा कि जितना कैश आता है, उसे बांट दिया जाता है। किसी भी ग्राहक से भेदभाव नहीं किया जा रहा है।