भीषण गर्मी में मोहल्ला निवाजीपुरा के लोग चार दिन से पानी के लिए तरस रहे हैं। इस वजह से मोहल्लेवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में बुधवार को उन्होंने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की है।
बुधवार को मोहल्ला निवाजीपुरा के लोग एकत्रित होकर नगर पालिका परिषद पहुंचे। उन्होंने बताया कि मोहल्ले में 15 दिन से पानी रुक-रुक आ रहा था। चार दिन से तो पानी आना बंद हो गया। इस कारण मोहल्लेवासियों को आवश्यक कार्यों को निपटाने में दिक्कत हो रही है।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में हसीन, शमीम आलम, इमरान, जीशान, शादाब, फिरोज, मौहम्मद आजाद, अनवार आदि मौजूद रहे।
अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा का कहना है कि मोहल्ला कोटला सादात में मोटर फुंकने से समस्या हो रही है। संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। जल्द समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।