हापुड़। गांव काठीखेड़ा में नवविवाहिता राखी (24) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका के भाई अमित ने ससुराल पक्ष पर दहेज में 10 लाख रुपये और दो कार की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतका के गले पर निशान मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
रसूलपुर जनपद बुलंदशहर निवाली अमित ने बताया कि उनकी दो बहनों राखी और नीतू का विवाह थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव काठीखेड़ा निवासी दो सगे भाई रितिक और विनीत के साथ अप्रैल में हुआ था। शादी के तीसरे दिन से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में 10 लाख रुपये और दो कार की मांग को लेकर दोनों बहनों के साथ मारपीट करने लगे। प्रताड़ित होने की वजह से वह छोटी बहन नीतू को अपने साथ ले गया था।
राखी ससुरालजनों के कहने पर वहीं रुक गई। राखी ने उन्हें सूचना दी कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर बार बार उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। अमित का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने बुधवार रात उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। सीओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति रितिक, विनीत, ससुर रामेंद्र, सास मंगतेश, ननद निधि, ननदोई राजेश उर्फ कल्लु, ननद निशु, ननदोई साहिल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
दोनों पक्षों के बीच 16 जून को हुई थी पंचायत : राखी के ममेरे भाई गांव रसूलपुर के जितेश ने बताया कि राखी के पिता रोहताश की मृत्यु करीब दस वर्ष पहले हो गई थी। उसके बाद से दोनों बहनें उनके पास ही रह रही थीं। उन्होंने बताया कि 16 जून को आरोपियों ने राखी व नीतू को बेरहमी से पीटा था। मामले की जानकारी पर मायके पक्ष के लोग काठीखेड़ा पहुंचे थे। दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई थी। इसमें आरोपियों ने दोबारा मारपीट न करने का आश्वासन दिया था।
हो गया था हत्या का अंदेशा, कॉल कर भाई को दी थी जानकारी :
जितेश ने बताया कि उन्हें पता चला है कि रितिक ने किसी युवती से कोर्ट मैरिज की है। इसे लेकर वह उसकी बहन को परेशान कर रहा था। बुधवार शाम पांच बजे राखी ने उन्हें फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे बेरहमी से पीटा है। नौ मिनट की बातचीत में राखी ने उसके साथ हुई यातनाओं के बारे में बताया। इस पर जितेश ने बृहस्पतिवार सुबह उसके ससुराल आने की बात कही थी। वे बुधवार को ही यहां पहुंच जाते तो राखी की जान बच जाती।