नवरात्र के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा अर्चना के लिए नगर के प्राचीन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। घरों में भी माता की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की गई। मां कूष्मांडा की पूजा अर्चना के लिए मंदिरों में विशेष व्यवस्था की गई थी।
प्राचीन मां चंडी मंदिर और मां मंशा देवी मंदिर की साफ-सफाई कर माता का विशेष शृंगार किया गया था। चितौली और दौयमी स्थित देवी मंदिरों में भी ग्रामीण और शहरी भक्तों का तांता लगा रहा।
मंदिर समितियों की ओर से भक्तों के लिए विशेष प्रसाद वितरण का प्रबंध किया गया था। रेलवे रोड स्थित देवी मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां कूष्मांडा की पूजा कर आशीर्वाद लिया। घरों में भी भक्तों ने श्रद्धा भाव से माता की पूजा अर्चना की।
देर रात तक मंदिरों में भजन कीर्तन चलता रहा। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। गढ़मुक्तेश्वर में भक्तों ने घर और मंदिरों में मां भगवती की आराधना की। मंदिरों में दिनभर भक्तों का आवागमन लगा रहा।
गढ़ की मंढैया चैंटावाली, सिंभावली शिव मंदिर और ब्रजघाट गंगानगरी में जागरण का आयोजन हुआ। इसमें देर रात तक भक्त मां भगवती के भजनों पर झूमते रहे।
मनोरंजन कर मंत्री मदन चौहान, पूर्व चेयरमैन कृष्णवीर सिंह गब्बर, समाजसेवी महेंद्र गोयल, चौधरी मदन पाल सिंह, फारूख प्रधान, रुपेश पंडित, राजू प्रधान, मास्टर नसीम सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।