हापुड़। नगर के दिल्ली रोड स्थित बालाजी मंदिर में दूसरे समुदाय का नाबालिग एक किशोरी को लेकर पहुंच गया। दोनों की हरकतें देख लोगों को शक हुआ। इसके बाद लोगों ने दोनाें को पकड़ लिया। सूचना पर हिंदू संगठन के लोग भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा करते हुए पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आनंद विहार निवासी दूसरे समुदाय के किशोर का नाबालिग से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार को वेलेंटाइन डे पर दोनाें मंदिर में मिलने के लिए पहुंच गए। इस दौरान दोनों एक दूसरे को गुलाब के फूल, चॉकलेट देने लगे। लोगों ने देखा तो दोनों को पकड़ लिया और इसकी जानकारी हिंदू संगठनों के सदस्यों को दे दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों को कोतवाली ले आई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि दोनों ही आरोपी नाबालिग हैं और सहमति से यहां आए थे। दोनों के परिजनों को बुलाकर उन्हें सौंप दिया गया।