हापुड़ के ब्रजघाट क्षेत्र में नेशनल हाईव- 09 पर टोल प्लाजा के पास ट्रक की चपेट में आकर गांव अल्लाबख्शपुर निवासी ललित राणा की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर बैठे उनके दो अन्य साथी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
गढ़ के गांव गड़ावली निवासी रामोतार ने बताया कि वह अपने साथी जयपाल निवासी गड़ावली और ललित राणा (45) निवासी गांव अल्लाबख्शपुर के साथ बृहस्पतिवार को बाइक पर सवार होकर ब्रजघाट में अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। जहां से शाम के समय तीनों एक ही बाइक से लौट रहे थे। जैसे ही अल्लाबख्शपुर गांव के पास स्थित टोल प्लाजा से पांच सौ मीटर पहले पहुंचे, तो पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। ललित और जयपाल हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, उन्हें भी मामूली चोट लगी हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस और राहगीरों ने घायलों को तुरंत एंबुलेंस से गढ़ सीएचसी में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने ललित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जयपाल को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया। ललित राणा की मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया है। हादसे के बाद चालक भाग निकलने में कामयाब हो गया।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि हादसे में मृत ललित के शव को कब्जे में ले लिया गया है। वहीं, जयपाल को उपचार के लिए मेरठ के अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच करते हुए आरोपी ट्रक चालक की तलाश कराई जा रही है। जिसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।