इकलौते बेटे की ब्रेन ट्यूमर से मौत होने के सदमे में जान गंवाने वाली मां की अर्थी बृहस्पतिवार को उठी तो हैदरपुर में मातम पसर गया। सपा नेता बॉबी त्यागी के भतीजे अतुल (18 ) की बुधवार शाम ब्रेन ट्यूमर से मौत हो गई थी।
वह आईटीआई प्रथम वर्ष का छात्र था। उसे तीन दिन पहले ही सिर में दर्द होने पर मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान मौत होने पर उसका शव घर लाया गया।
बेटे का शव देखकर सदमे में उसकी मां अनीता 55 साल की हालत बिगड़ गई थी। उसको आनन फानन में मेरठ भर्ती कराया गया था, लेकिन रात में ही उसकी भी मौत हो गई थी।
देर रात में अतुल का दाह संस्कार करने के बाद बृहस्पतिवार सुबह घर से अनीता की अर्थी उठी तो गांव में मातम पसर गया। आठ साल में पूरा परिवार ही खत्म हो गया। अतुल के पिता मुन्ना की अस्थमा से मौत होने के बाद दो बड़े भाइयों की बुखार ने पहले ही जान ले ली थी।