हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा गली नंबर सात में पारिवारिक कलह से परेशान फोजिया (27) ने अपने पांच वर्षीय पुत्र उजैफ को जहर देकर खुद भी जहर खा लिया। अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर जहर देखकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिला बुलंदशहर थाना जहांगीराबाद के मोहल्ला बंशीधर निवासी फोजिया (27) की शादी छह वर्ष पहले मोहल्ला मजीदपुरा गली नंबर सात निवासी शाहनवाज के साथ हुई थी। मृतका के भाई फैजान ने बताया कि शादी के एक साल बाद उसकी बहन को पुत्र उजैफ हुआ। शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग कर उसकी बहन को प्रताड़ित करने लगे थे। देर रात उसकी बहन व भांजे उजैफ को जहर खाने से मौत होने की सूचना मिली। इस पर वह अपने परिजनों के साथ मोहल्ला मजीदपुरा पहुंचा। उस दौरान परिजनों ने बताया था कि फोजिया ने पहले अपने पुत्र उजैफ को जहर दिया, बाद में खुद उसने जहर खा लिया। दोनों की तबीयत बिगड़ने पर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उजैफ की मौत हो गई। जबकि फोजिया को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जाता है कि महिला का पति काफी दिनों से बीमार भी चल रहा था।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। हालांकि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।