ब्रजघाट। तीन दिवसीय ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेला शुक्रवार (आज) से आरंभ होकर 16 जून तक चलेगा। जिसे लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बृहस्पतिवार को एसडीएम साक्षी शर्मा, सीओ आशुतोष शिवम और पालिका ईओ मुक्ता सिंह ने गंगानगरी में नाविकों के साथ बैठक की। वहीं अस्थाई पार्किंग के लिए भी निरीक्षण किया।
नाविकों के साथ बैठक में सीओ ने कहा कि ज्येष्ठ गंगा दशहरा हिंदू धर्म से जुड़े लोगों के लिए विशेष आस्था का पर्व है, जिस पर लाखों गंगा भक्त ब्रजघाट पहुंचते हैं। इस समय पानी का बहाव काफी तेज है, जिसे लेकर डूबने की घटनाएं होने की भी संभावनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में तट पर मौजूद नाविकों एवं गोताखोरों की जिम्मेदारी अधिक बढ़ जाती है। उनका कर्तव्य है कि गहरे जल में जाने वालों को रोकते हुए उन्हें किनारे पर स्नान करने के लिए प्रोत्साहित करें। इसके अलावा नावों में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, सुरक्षा मानकों का पालन करने का भी निर्देश दिया। एसडीएम ने कहा कि नाविक अपनी नावों में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं, इसके अलावा निर्धारित मूल्य से अधिक लेने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं ईओ ने कहा कि बैरिकेडिंग दुरुस्त कराई जा रही है। इसके अलावा सफाई, पेयजल आपूर्ति समेत अन्य व्यवस्थाएं भी दुरुस्त की जाएंगी। श्रद्धालुओं के लिए अस्थाई शौचालय समेत अन्य व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। ताकि किसी को भी कोई परेशानी न हो। पालिका के उप कार्यालय के पास स्थित मैदान में चिकित्सा सुविधा, खोया-पाया कैंप, रैन बसेरा समेत अन्य व्यवस्थाएं भी पालिका की तरफ से की जाएंगी। जिसके बाद अधिकारियों ने मेलावधि के दौरान बनाए जाने वाली अस्थाई पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर तारा केवट, घनश्याम निषाद, रामजल, रोहताश, दीपचंद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।