गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ के गांव में आबादी से दूर दूसरे गांव के जंगल में मां और भाई ने युवती का गला ब्लेड से रेतने के बाद पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। खेतों पर कामकाज कर रहे किसानों ने सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया और 70 प्रतिशत झुलसी हुई युवती को पुलिस ने तुरंत सीएचसी भेजा, जहां से गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया।
गांव निवासी महिला ने अपने बेटे के साथ बृहस्पतिवार की शाम को अपनी 19 वर्षीय बेटी को चितौड़ा के जंगल में ले जाकर पहले गले से ब्लेड से हमला किया, जिसके बाद पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। आग लगने के बाद धुंआ और युवती की चींख सुनकर आसपास में खेतों पर काम कर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। 70 प्रतिशत झुलसी युवती को तुरंत गढ़ सीएचसी ले गए। वहीं नायब तहसीलदार पवन कुमार और सीओ आशुतोष शिवम ने मौके पर पहुंचकर युवती से जानकारी लेनी चाही, लेकिन खास जानकारी नहीं मिल सकी। जिसके बाद सीएचसी के चिकित्सकों ने युवती की नाजुक हालत देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार युवती का किसी से प्रेम प्रसंग था, जिससे गुस्साए मां और बेटे ने इज्जत के खातिर उसको मारने का प्रयास किया है। इतना ही नहीं मां और भाई को उसके गर्भवती होने की सूचना मिली थी, जिससे गुस्से में आकर उन्होंने जलाकर मारने की योजना बनाई।
नहीं दिखी मां की ममता
पुलिस के अनुसार युवती के गले पर पहले ब्लेड से हमला किया गया है, जिसके बाद पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई गई है। इस दौरान मां को बेटी पर कोई तरस नहीं आया। वहीं एक माह पहले जिस बहन ने भाई को राखी बांधी आज उन्हीं हाथों ने बहन की जान लेने का प्रयास किया। 70 प्रतिशत आग में झुलसी युवती सिर से लेकर घुटनों तक जली हुई थी, खेतों पर काम करने वालों ने बताया कि चीख सुनकर पुलिस को सूचना दी थी। इस दौरान घटना स्थल पर चप्पल और कुछ कपड़ों की कतरन भी पड़ी मिली है। इस दौरान युवती दया की भीख मांगती रही, लेकिन भाई और मां का दिल नहीं पसीजा। आग लगाने के बाद दोनों वहीं पर खड़े रहे।
सख्त कार्रवाई होगी
युवती के साथ हुई घटना के संबंध में मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है। युवती 70 प्रतिशत से अधिक झुलस गई है। आरोपी मां और बेटे से पूछताछ की जा रही है, विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी है। पिता घर से फरार हो गया है, मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आशुतोष शिवम, सीओ