गढ़मुक्तेश्वर। नगर में स्थित मस्जिद के इमाम ने मोहल्ले के युवक और उसके साथियों पर अपहरण कर ले जाने और कनपटी पर तमंचा सटाकर नौकरी छोड़ने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इसकी जानकारी मिलने पर मोहल्ले के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। हालांकि, पुलिस जानकारी से इन्कार कर रही है।
नगर के मोहल्ले की मस्जिद में इमामत करने वाले मुफ्ती ने बृहस्पतिवार की दोपहर जुमे की नमाज के बाद पारिवारिक मजबूरी बताते हुए नौकरी छोड़कर जाने की बात कही। इमाम के अचानक लिए गए निर्णय से मस्जिद में मौजूद लोग दंग रह गए। लोगों ने दबाव देकर इमाम से पूछा, तो उन्होंने रोते हुए बताया कि मोहल्ले का ही रहने वाला युवक अपने जीजा के साथ कार में सवार होकर वहां आया था। उसने किसी काम के लिए उन्हें अपने साथ चलने को कहा। वह युवक को अच्छी तरह जानते हैं। इस कारण आरोपी के साथ चले गए। आरोपी उन्हें सुनसान जंगल में ले गए। जहां तमंचा दिखाकर उन्हें भयभीत कर दिया। आरोपियों ने उन्हें नौकरी छोड़कर चले जाने को कहा। वहीं, नौकरी न छोड़ने पर जान से मारने की धमकी दी है। इससे भयभीत होकर वह अपने पैतृक गांव जा रहे हैं। इस बात को सुनकर वहां मौजूद लोग आक्रोशित हो गए। जो तहरीर लिखवाने के लिए कचहरी की तरफ चल दिए। जहां आरोपी युवक लोगों को दिखाई दिया, जिसे लोगों ने पकड़ लिया और पिटाई कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने मामला शांत कराया। वहीं, मोहल्ले में बैठक कर मामले को सुलझाने का परामर्श दिया, लेकिन बैठक होने से पहले ही इमाम मस्जिद छोड़कर अपने घर चले गए। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि इस संबंध में किसी भी प़क्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर जांच कराई जाएगी।