पिलखुवा। रेलवे रोड पर स्कूल की छुट्टी के समय कक्षा 10 की छात्रा से छेड़छाड़ करने पर लोगों ने मनचले को पकड़कर पीट दिया। बाद में युवक के माफी मांगने पर लोगों ने उसे छोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा जैसे ही बाहर निकली, तभी एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। कुछ देर बाद छात्रा का भाई उसे लेने पहुंचा तो छात्रा ने पूरी घटना उसे बताई। इस पर भाई ने युवक को पकड़ लिया।
शोर मचने पर आसपास के दुकानदार और राहगीर भी मौके पर पहुंच गए और मनचले की पिटाई कर दी। युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने का भरोसा दिया, जिसके बाद लोगों ने उसे छोड़ दिया।
मौके पर मौजूद अशोक और राजकुमार ने बताया कि पहले स्कूलों की छुट्टी के समय रेलवे रोड पर पुलिस की ड्यूटी रहती थी लेकिन अब पुलिसकर्मी तैनात नहीं रहते। उनका कहना था कि पुलिस की लापरवाही से छात्राओं की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस को मौके पर भेज दिया गया था। पूरे मामले की जानकारी की जा रही है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।