पिलखुवा। गाजियाबाद के घंटाघर क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल हुए एक बुजुर्ग की उपचार के दौरान मंगलवार को पिलखुवा के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के कैलाश नगर निवासी 70 वर्षीय कृष्ण 11 जुलाई को घंटाघर क्षेत्र में बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। घटना के बाद उनके पुत्र दीपक उन्हें उपचार के लिए पिलखुवा के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा था।
मंगलवार देर शाम उपचार के दौरान कृष्ण ने दम तोड़ दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने नियमानुसार मृत्यु की सूचना कोतवाली पुलिस को भेज दी। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि अस्पताल से प्राप्त सूचना के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।