शनिवार की दोपहर एक युवक स्याना रोड पर घूम रहा था। करीब साढ़े तीन बजे कुछ युवकों ने उसे संदिग्ध समझकर पकड़ लिया और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान संदिग्ध को पकड़ने की सूचना पर सैंकड़ों की संख्या में लोग यहां एकत्र हो गए। भीड़ में शामिल कुछ लोगों के हाथों में लाठी और डंडे भी दिखाई पड़ रहे थे।
भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस के सामने ही सड़क पर गिराकर युवक को लात घूसों से बेरहमी से जमकर पीटा। लेकिन डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। कुछ देर बाद पुलिसकर्मियों ने साहस कर युवक को भीड़ के चंगुल से बचाया और युवक को थाने ले गई।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल से करीब सौ मीटर की दूरी पर एक प्लाईवुड फैक्टरी भी स्थित है। युवक फैक्टरी का मजदूर होने की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस थाने में युवक से पूछताछ कर रही है। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मारपीट करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।