गढ़मुक्तेश्वर। बिजली चेकिंग के दौरान मंगलवार को गांव लोधीपुर छपका में ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के एसडीओ और कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। एसडीओ ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
विद्युत वितरण उपखंड द्वितीय गढ़मुक्तेश्वर पर कार्यरत उपखंड अधिकारी अंकित कुमार ने कोतवाली में तहरीर दी है। जिसमें उल्लेख किया है कि वह उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटने, राजस्व वसूली और चेकिंग के लिए कर्मचारियों को साथ लेकर गांव लोधीपुर छपका पहुंचे। जहां कनेक्शन काटने के दौरान कुछ ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए उनके साथ अभद्रता करना शुरू कर दिया। उन्होंने जुर्माना जमा कराने और समझाने की काफी कोशिश की गई, लेकिन आरोपियों ने उनके और अन्य कर्मचारियों के साथ हाथापाई करते हुए काम नहीं करने दिया। एसडीओ ने चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि ऊर्जा निगम के अधिकारी की तहरीर मिली है। जिसके आधार पर कोतवाली पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।