गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल पर व्यवस्था देख रहे जिला पंचायत विभाग के कर्मचारियों ने भाजपा विधायक समेत तीन लोगों पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। सभी कर्मचारियों ने जिला पंचायत की एएमओ को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कार्तिक पूर्णिमा मेले को राजकीय दर्जा मिलने के बाद भी यहां होने वाली व्यवस्थाओं का जिम्मा जिला पंचायत विभाग पर ही है। जिला पंचायत विभाग के कर्मचारियों ने एएमओ आरती मिश्रा को शिकायती पत्र देते हुए कहा कि वह लोग एक माह से भी अधिक समय से मेले की तैयारी कर रहे हैं। शुक्रवार को विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया के साथ तीन लोग मेला स्थल पर बने जिला पंचायत के अस्थायी कार्यालय में पहुंचे, जिन्होंने कामकाज में जुटे कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। कर्मचारियों का आरोप है कि इन लोगों ने उनको बेइज्जत करने की कोशिश करने के साथ ही मान-सम्मान को भी ठेस पहुंचाई है। जिनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया ने बताया कि कर्मचारियों से मेले में सांसद और विधायक के कैंप कार्यालयों में शिविर लगवाने के लिए तंबू उपलब्ध कराने के लिए कहा गया था। किसी भी कर्मचारी के साथ कोई अभद्रता नहीं की गई।