धौलाना। थाना क्षेत्र के सीएनजी पेट्रोल पंप के पास ऑटो और मिनी ट्रक की भिड़ंत हो गई। इसमें दो महिलाओं समेत समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की जांच कर रही है।
गुलावठी से रविवार को एक ऑटो सवारी लेकर धौलाना आ रहा था। थाना क्षेत्रांतर्गत सुमित्रा देवी अस्पताल के निकट सीएनजी पेट्रोल पंप के पास मिनी ट्रक ने ऑटो में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। इसमें ऑटो चालक समेत चार लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में बच्चन सिंह, कमलेश देवी, केशव निवासी गांव डहाना व रमजानों निवासी गांव सपनावत थाना कपूरपुर जिला हापुड़ शामिल हैं।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस ने लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया हैैै। हादसे के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।