गढ़मुक्तेश्वर। थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली किशोरी के साथ फौजी समेत दो लोगों ने छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी के परिजनों से अभद्रता भी की। पीड़िता की मां ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर फौजी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव निवासी महिला ने तहरीर देते हुए बताया कि शनिवार की रात को परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद सो गए थे। देर रात को गांव निवासी फौजी अपने दोस्त के साथ दीवार कूदकर घर में आ गए। जहां दोनों ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ की। बेटी ने विरोध करते हुए शोर मचा दिया। शोर सुनकर परिवार के लोग जाग गए। परिवार के लोगों ने युवकों को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। वहीं, जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। महिला ने दोनों आरोपियों को नामजद कर कार्रवाई की मांग की है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फौजी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, उसके साथी की भी तलाश की जा रही है।