मथुरा कांड की सीबीआई जांच होनी चाहिए
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि मथुरा कांड की सीबीआई जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके। सरकार की लापरवाही के कारण 27 लोगों की जान चली गई।
वह यहां कैलाश गंगा भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मथुरा की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार की कार्यशैली की इस घटना में पोल खुल गई है। उन्होंने कहा कि मथुरा कांड की जांच मंडलायुक्त से नहीं बल्कि सीबीआई से होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि रविवार को सात सांसदों का एक प्रतिनिधि मंडल मथुरा जाएगा। जिसमें उनके अलावा सांसद हेमा मालिनी, राजवीर सिंह, मनीष, राजेश दीवाकर, धर्मपाल सिंह और बीएल वर्मा होंगे।
इसके बाद सांसद ने ग्राम बाबूगढ़ और नली हुसैनपुर में जाकर ग्रामीणों की समस्या सुनी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक जयप्रकाश, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजयपाल आढ़ती, रामस्वरुप भारती, मूलचंद त्यागी, राजीव अग्रवाल, प्रवीन सेठी, सुधीर गोयल, डॉ. रमेश अरोड़ा, उमेश अरोड़ा, आबिद नबी, विशाल मित्तल व दीपक त्यागी आदि मौजूद रहे।